अंकसूची, नर्सिंग काउंसिल में पंजीयन और छात्रवृत्ति का मुद्दा उठाया; समाधान नहीं होने पर विधानसभा में आवाज उठाने की चेतावनी
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) का पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद भी अंकसूची, नर्सिंग काउंसिल में पंजीयन और छात्रवृत्ति जैसी समस्याओं से जूझ रहीं छात्राओं का मामला अब प्रशासन तक पहुंच गया है। विधायक राजेंद्र मंडलोई ने 22 अक्टूबर को कलेक्टर को पत्र लिखकर छात्राओं की लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई पूरी करने के बाद भी छात्राओं का भविष्य अधर में रहना चिंता का विषय है। उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

विधायक के पत्र के अनुसार, बड़वानी इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग कॉलेज में वर्ष 2020-21 में प्रवेश लेने वाली छात्राओं ने वर्ष 2024 में जीएनएम का पाठ्यक्रम पूरा किया था। पत्र में उल्लेख किया गया है कि मध्यप्रदेश नर्सिंग काउंसिल द्वारा कॉलेज को अनुपयुक्त घोषित किए जाने के कारण छात्राओं को अंतिम वर्ष की अंकसूची नहीं मिल पाई। पांच छात्राओं की अंकसूची अब तक लंबित होने और कॉलेज की पहचान संबंधी प्रक्रिया पूरी नहीं होने से पंजीयन में भी परेशानी आ रही है।

पंजीयन नहीं होने से नौकरी के अवसर प्रभावित
विधायक ने पत्र में कहा कि नर्सिंग काउंसिल में पंजीयन नहीं होने के कारण छात्राएं शासकीय सेवाओं के लिए आवेदन नहीं कर पा रही हैं। निजी अस्पतालों में नौकरी पाने में भी उन्हें परेशानी हो रही है। प्रवेश के समय जमा कराए गए मूल दस्तावेज वापस दिलाने और छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं का निराकरण कराने की मांग भी की गई है।
समाधान नहीं हुआ तो विधानसभा में उठेगा मुद्दा

विधायक मंडलोई ने कलेक्टर से कॉलेज प्रशासन, नर्सिंग काउंसिल और संबंधित विभाग के माध्यम से अंकसूची, मूल दस्तावेज, पंजीयन तथा छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्राओं के भविष्य के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे यह मुद्दा मध्यप्रदेश विधानसभा में उठाकर छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग करेंगे।
