रसोई में धधकती आग, फ्रिज और सामान जलकर खाक; गैस सिलेंडर तक पहुंचती लपटें तो हो सकता था बड़ा हादसा

बड़वानी में तड़के 4 से 4:30 बजे के बीच हुई घटना, करीब एक घंटे तक जलती रही आग; फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, घर में बेटी और मां के साथ सो रही थीं निजी स्कूल की शिक्षिका


दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी 


शहर के कृष्णा स्टेट कालोनी में बुधवार तड़के एक मकान की रसोई में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों ने फ्रिज, बिजली के बोर्ड, बर्तनों सहित रसोई में रखा सामान अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते रसोई का सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया। रसोई में फ्रिज के पास ही गैस सिलेंडर रखा होने से बड़ा हादसा होने की आशंका भी बनी हुई थी। हालांकि, सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

बेटी की नींद खुली तो सामने था आग का मंजर


पीड़ित सोनाली सावले, जो एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं, ने बताया कि घटना सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच की है। उस समय वह अपनी बेटी और मां के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान बेटी की नींद खुली तो उसने रसोई में फ्रिज को जलते हुए देखा। इसके बाद परिवार के लोगों को आग लगने की जानकारी मिली और तत्काल आग बुझाने के प्रयासों के साथ फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

लपटें गैस सिलेंडर के करीब, टल गया बड़ा खतरा


आग ने रसोई में रखे फ्रिज, बिजली के बोर्ड, बर्तनों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। फ्रिज के पास ही गैस सिलेंडर रखा हुआ था। ऐसे में यदि आग सिलेंडर तक पहुंच जाती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। आग बढ़ने के कारण परिजनों की चिंता बढ़ गई। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद गैस सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका


प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पीड़ित के अनुसार दोपहर 12 बजे तक विद्युत विभाग (एमपीईबी) का कोई अधिकारी या कर्मचारी जांच के लिए मौके पर नहीं पहुंचा था।

तड़के हुई इस घटना ने एक बार फिर घरों में बिजली उपकरणों की सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फ्रिज, बिजली के बोर्ड और अन्य उपकरणों में खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका होने पर समय रहते जांच कराना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से होने वाले नुकसान और संभावित जनहानि को रोका जा सके।