कहीं ‘राजा रावण’ का शाही अंदाज, तो कहीं 51 फीट के रावण का दहन; दशहरे पर जगमगाएगा बड़वानी

35 साल पुरानी परंपरा के साथ सजेगा उत्सव का मंच, दशहरा मैदान पर 51 फीट का रावण और 40-40 फीट के कुंभकरण-मेघनाथ होंगे आकर्षण; इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी शो से रोशन होगी शाम


दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी


नवरात्रि की भक्ति, गरबा की उमंग और मां दुर्गा की आराधना के बाद अब बड़वानी दशहरे के रंग में रंगने जा रहा है। शहर में विजयादशमी को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं। कहीं रावण को शाही अंदाज में सजाया जा रहा है, तो कहीं विशाल पुतलों के निर्माण को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में तैयार हो रही 35 से 40 फीट ऊंची ‘राजा रावण’ की प्रतिकृति आकर्षण का केंद्र रहेगी। वहीं, दशहरा मैदान पर 51 फीट ऊंचे रावण के साथ 40-40 फीट ऊंचे कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। रंग-बिरंगी इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी उत्सव की रौनक बढ़ाएगी।

35 साल पुरानी परंपरा, इस बार ‘राजा रावण’ का शाही स्वरूप

ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में करीब 35 वर्षों से दशहरे पर रावण दहन की परंपरा निभाई जा रही है। इस वर्ष युवा मित्र मंडल समिति और युवा संघ की टीम रावण को आकर्षक एवं शाही स्वरूप देने में जुटी है। करीब 35 से 40 फीट ऊंची रावण की प्रतिकृति का निर्माण अंतिम चरण में है।

दशहरे पर मां वैष्णो देवी मंदिर से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के बाद कॉलोनी के स्कूल मैदान में रावण दहन होगा। समिति से जुड़े राकेश सिंह जाधव के अनुसार, तीन साल के अंतराल के बाद इस बार कॉलोनी में गरबा आयोजन भी किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में नवरात्रि और दशहरे को लेकर खास उत्साह बना हुआ है।

दशहरा मैदान पर 51 फीट का रावण, कुंभकरण-मेघनाथ भी होंगे विशाल

शहर के प्रमुख दशहरा आयोजन के लिए नगर पालिका द्वारा दशहरा मैदान पर तैयारियां की जा रही हैं। यहां 51 फीट ऊंचे रावण और 40-40 फीट ऊंचे कुंभकरण व मेघनाथ के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आयोजन के तहत शहर के मध्य स्थित मां कालिका माता मंदिर से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा।

आतिशबाजी शो बढ़ाएगा उत्सव का रोमांच

रावण दहन के साथ आयोजित होने वाला इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी शो भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगा। विशाल पुतलों, शोभायात्रा और रोशनी से सजे आयोजन के बीच शहर में विजयादशमी का उत्सव मनाया जाएगा।