महिला सुरक्षा, सीसीटीवी, प्रवेश-निकास और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा; आयोजकों को सतर्कता बरतने के निर्देश
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
शारदीय नवरात्र पर्व के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीआईजी निमाड़ रेंज सिमाला प्रसाद ने शुक्रवार को बड़वानी शहर के प्रमुख गरबा पंडालों का औचक निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के साथ उन्होंने फुटबॉल ग्राउंड स्थित मां गरबा रास पंडाल, झंडा चौक के श्रीराम गरबा पंडाल और स्वर संगम गरबा पंडाल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने गरबा आयोजन समितियों से चर्चा कर सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश एवं निकास मार्गों, स्वयंसेवकों की तैनाती और आपातकालीन व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा पंडालों के आसपास असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही, गरबा स्थलों पर भीड़ नियंत्रण और यातायात बाधित होने से रोकने के लिए व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने जिले में सुरक्षा बलों की तैनाती और कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों से डीआईजी को अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निगवाल, कोतवाली थाना प्रभारी उषा सिसोदिया और बलजीत बिसेन सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

पुलिस ने नागरिकों से पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल-112 या नजदीकी थाने पर देने की अपील की।
