जनता की सुरक्षा करने वाली पुलिस अब अपनी सेहत की भी करेगी पहरेदारी, बड़वानी पुलिस को मिली आधुनिक जिम की सौगात

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी 


जनता की सुरक्षा हो या अपराधियों पर कार्रवाई, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी हो या फिर आपात स्थिति में मोर्चा संभालना… पुलिस के जवान हर परिस्थिति में मुस्तैद रहते हैं। लेकिन इन जिम्मेदारियों के बीच उनकी अपनी फिटनेस भी बेहद जरूरी है।

इसी को ध्यान में रखते हुए बड़वानी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब पुलिसकर्मियों को शारीरिक फिटनेस के लिए निजी जिम पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। डीआरपी लाइन में आधुनिक पुलिस जिम की शुरुआत की गई है। इसका शुभारंभ खरगोन-बड़वानी सांसद गजेंद्र पटेल ने किया। इस दौरान निमाड़ रेंज की डीआईजी सिमाला प्रसाद, विधायक राजेंद्र मंडलोई और पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

बड़वानी पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की फिटनेस को बेहतर बनाने के उद्देश्य से डीआरपी लाइन में आधुनिक जिम तैयार किया गया है। पुलिस कंट्रोल रूम के समीप शुरू की गई इस सुविधा का शुभारंभ सांसद गजेंद्र पटेल ने फीता काटकर किया।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के मार्गदर्शन में तैयार इस जिम में आधुनिक व्यायाम मशीनें स्थापित की गई हैं। इससे पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम के लिए सुविधाजनक स्थान मिलेगा और वे अपनी शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाए रखने पर ध्यान दे सकेंगे।

पुलिस की नौकरी में समय की पाबंदी से ज्यादा परिस्थितियों के अनुसार तत्काल तैयार रहना महत्वपूर्ण होता है। कभी घंटों ड्यूटी, कभी भीड़ नियंत्रण, तो कभी अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान। ऐसे में शारीरिक रूप से फिट रहना पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता का अहम हिस्सा है।

जिम की सुविधा से जवानों को अपनी दिनचर्या में व्यायाम शामिल करने का अवसर मिलेगा। स्वस्थ शरीर और बेहतर शारीरिक क्षमता के साथ वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।

सांसद गजेंद्र पटेल ने कहा कि पुलिसकर्मियों का कार्य चुनौतियों से भरा होता है। स्वस्थ, ऊर्जावान और मजबूत शरीर बेहतर कर्तव्यपालन का आधार है। बड़वानी पुलिस द्वारा जिम की सुविधा उपलब्ध कराना जवानों के स्वास्थ्य और फिटनेस की दिशा में सराहनीय पहल है।

निमाड़ रेंज की डीआईजी सिमाला प्रसाद ने पुलिस बल के लिए शारीरिक फिटनेस को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पुलिस ग्राउंड के समीप जिम होने से जवानों को नियमित व्यायाम और अभ्यास करने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों से नियमित वर्कआउट कर अपनी फिटनेस बनाए रखने की अपील की।

 

जिम के शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक राजन मंडलोई, डीआईजी सिमाला प्रसाद, पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल, नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान, जिला पंचायत सीईओ अर्पित गुप्ता, सहायक कलेक्टर माधव अग्रवाल, जेल अधीक्षक शैफाली तिवारी, रक्षित निरीक्षक गजेंद्र निगवाल और कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत बिसेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिस जवानों के लिए फिटनेस केवल जरूरत नहीं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बड़वानी पुलिस की यह पहल जवानों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक करने और नियमित व्यायाम के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक कदम है।


बड़वानी से खास रिपोर्ट IMTIYAZ INTU ✍️