बड़वानी…दशहरा मैदान पर आकर्षण का केंद्र रहेगी इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी, नपा अध्यक्ष और सीएमओ में किया पुतलों के निर्माण का निरीक्षण

51 फीट ऊंचे रावण के पुतले और मेघनाथ और कुंभकरण के 40-40 फीट ऊंचे पुतलों का होगा दहन


दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी


बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर इस बार शहर के दशहरा मैदान में भव्य आयोजन होगा। नगर पालिका द्वारा आयोजित दशहरा उत्सव में 51 फीट ऊंचे रावण के साथ 40-40 फीट के मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस बार आयोजन में पहली बार इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी शो भी प्रस्तुत किया जाएगा।

बुधवार दोपहर नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान, सीएमओ सोनाली शर्मा सहित नगर पालिका के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सतपुड़ा कॉलोनी में तैयार किए जा रहे पुतलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद दशहरा मैदान पहुंचकर विजयादशमी आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पहली बार होगा इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी शो

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी दशहरा पर्व उल्लास के साथ मनाया जाएगा। रावण दहन से पहले आकर्षक आतिशबाजी की जाएगी। इस बार इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी शो आयोजन का विशेष आकर्षण रहेगा। इसे शो के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

वहीं दशहरा मैदान में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए नगर पालिका द्वारा बिजली, पेयजल और वाहन पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों को आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका द्वारा पुतलों के निर्माण से लेकर आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।