दैनिक ध्रुव ☀️ वाणी न्यूज बड़वानी
शहर में वर्षों से चल रहे सीवरेज प्रोजेक्ट की धीमी रफ्तार को लेकर शुक्रवार को नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीवरेज कंपनी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए काम में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण में पार्षद, जनप्रतिनिधि, नगरपालिका के इंजीनियर और अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने शहर में विभिन्न स्थानों पर चल रहे सीवरेज कार्य का जायजा लिया। इस दौरान कई जगह अधूरे कार्य और धीमी प्रगति को लेकर सवाल उठे।

- नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने सीवरेज कंपनी के अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि एक स्थान पर कार्य पूर्ण करने के बाद ही दूसरे स्थान पर खुदाई शुरू की जाए। साथ ही पुराने अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि शहरवासी लंबे समय से सीवरेज कार्य के कारण धूल, गंदगी और यातायात अव्यवस्था से परेशान हैं। ऐसे में निर्माण एजेंसी को जिम्मेदारी के साथ तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य करना होगा।
वहीं कार्य की धीमी गति को लेकर सीवरेज कंपनी के जिम्मेदारों ने खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी और अन्य कारणों से काम प्रभावित हुआ, लेकिन अब कार्य में तेजी लाई जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि सीवरेज सिस्टम का कार्य पूरा होने के बाद शहर को गंदगी और जल निकासी की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। साथ ही नागरिकों से निर्माण कार्य के दौरान हो रही अस्थायी असुविधा के लिए सहयोग की अपील की गई।
