Barwani सीसी रोड निर्माण से लोगों को मिलेगी राहत

दैनिक ध्रुव ☀️ वाणी न्यूज बड़वानी

शहर के वार्ड क्रमांक 20 और 21 में लंबे समय से खराब सड़कों और आवागमन की परेशानी झेल रहे रहवासियों को जल्द राहत मिलने वाली है। यहां स्वीकृत सीसी रोड निर्माण कार्य का शुक्रवार शाम नपाध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को साफ निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। सड़क निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में मजबूती के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन सुविधा मिल सके।

निक्कू चौहान ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है। सीसी रोड बनने से बरसात और खराब रास्तों की समस्या काफी हद तक खत्म होगी तथा रहवासियों को दैनिक आवाजाही में सुविधा मिलेगी।

क्षेत्रवासियों ने भी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद शंकर कुशवाह, पार्षद प्रतिनिधि अमित उपाध्याय, सहायक यंत्री पुष्पराज अजनारे, बलदेव ठाकुर और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।