🔴 पाटी नाका के आगे वारदात को दिया था अंजाम, ड्राइवर और साथी को जंगल में छोड़ भागे थे बदमाश
ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी
जिले में देर रात हुए सनसनीखेज बीयर लूटकांड का कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बोलेरो पीकअप, 102 पेटी बीयर और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त माल की कुल कीमत करीब 13 लाख 40 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार फरियादी 27 मई की रात इंदौर से पाटी की ओर बोलेरो पीकअप वाहन में परमिट की 222 पेटी बीयर लेकर जा रहा था। इसी दौरान पाटी नाका के आगे मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवकों ने वाहन को रोक लिया। आरोपियों ने ड्राइवर और उसके साथी को डरा-धमकाकर अपने साथ बावनगजा की पहाड़ियों की ओर ले गए और बोलेरो पीकअप सहित उसमें भरी बीयर लूट ली। बाद में दोनों को जंगल में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक श्री पद्म विलोचन शुक्ल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर और एसडीओपी श्री महेश सुनैया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया तथा तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने 6 आरोपियों को हिरासत में लेकर लूटी गई बोलेरो पीकअप, 102 पेटी बीयर और दो मोटरसाइकिलें जब्त कर लीं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
-🔴 गोविंद पिता भारत भावेल, निवासी नानी बड़वानी
🔴 लखन पिता लक्ष्मण भाभर, निवासी नानी बड़वानी
🔴 महेश पिता सुभाष भुरिया, निवासी आमल्यापानी
🔴 यश उर्फ कान्हा पिता मनोहर गेहलोत, निवासी माली मोहल्ला बड़वानी
🔴 रूपेश पिता रायसिंह सोलंकी, निवासी पाटी
🔴 हीरालाल उर्फ मिथुन पिता मुकेश चौहान, निवासी नानी बड़वानी
पुलिस अधीक्षक ने मामले में त्वरित कार्रवाई करने वाली कोतवाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए उचित पुरस्कार देने की घोषणा भी की है।
कार्रवाई में विशेष भूमिका
निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन, उपनिरीक्षक रवि ठाकुर, सुरेश मुवेल, कमल मोरे, प्रधान आरक्षक जगजोध सिंह, अजमेर सिंह, चंद्रशेखर चौहान सहित कोतवाली स्टाफ एवं साइबर टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
