अवैध हथियार, शराब और नशे के कारोबार पर कसेगा शिकंजा, एसपी ने थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश

जुआ-सट्टा और गोवंश के अवैध परिवहन पर विशेष निगरानी; होटल-ढाबों की चेकिंग, रात की गश्त और आदतन अपराधियों पर कार्रवाई तेज करने पर जोर


दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी 


अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, नशे के कारोबार और अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए बड़वानी पुलिस अब कार्रवाई तेज करने की तैयारी में है। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने गुरुवार को अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जुआ-सट्टा, गोवंश के अवैध परिवहन और माफिया गतिविधियों के विरुद्ध भी सख्ती बरतने को कहा।

अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस


एसपी ने अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, शराब बिक्री तथा जुआ-सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। होटल, ढाबों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित चेकिंग के साथ रात्रि गश्त बढ़ाने पर जोर दिया। आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर और जमानत निरस्तीकरण जैसी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

चोरी और वाहन चोरी के मामलों में तेजी


चोरी, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपितों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी करने को कहा गया। चोरी गए माल की बरामदगी और लंबित अपराधों व वारंटों का समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर


बैठक में सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं, आपत्तिजनक संदेश और अफवाह फैलाने वालों की निगरानी करने को कहा गया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा और अपहृत बच्चों की तलाश तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई।

हत्या के मामले में उत्कृष्ट अनुसंधान पर सम्मान


राजपुर थाने के एक हत्या प्रकरण में आरोपी को आजीवन कारावास की सजा दिलाने में सराहनीय अनुसंधान के लिए तत्कालीन थाना प्रभारी विक्रम बामनिया को एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी रोहित अलावा, अजय वाघमारे, बीएल अटोदे सहित अन्य अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।