इंदौर से 30 यात्रियों को लेकर बड़वानी जा रही थी बस, स्पीड ब्रेकर पर धीमी करते समय टूटा अगला एक्सल; यात्रियों को दूसरी बस से भेजा
ध्रुव वाणी
अंजड़। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अंजड़ बस स्टैंड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इंदौर से करीब 30 यात्रियों को लेकर बड़वानी जा रही एक यात्री बस का अगला एक्सल अचानक टूट गया। तेज आवाज के साथ बस बीच रास्ते में रुक गई। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई, हालांकि गनीमत रही कि हादसा बस स्टैंड पर कम गति के दौरान हुआ और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड पहुंचने से पहले स्पीड ब्रेकर पर बस की रफ्तार धीमी करते समय अचानक अगले पहियों का एक्सल (धड़ी) बीच से टूट गया। इसके चलते बस आगे नहीं बढ़ सकी। घटना के बाद यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से बड़वानी रवाना किया गया।
स्थानीय बस एजेंट जितेंद्र ने बताया कि चालक देवा और परिचालक गोलू धनगर बस लेकर बस स्टैंड पहुंचे थे। इसी दौरान स्पीड ब्रेकर पर बस धीमी करते समय यह घटना हुई।
हाईवे पर होता हादसा तो हो सकता था बड़ा नुकसान
इस घटना ने यात्री बसों की फिटनेस और तकनीकी रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही घटना नगर के बीच मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार के दौरान होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए परिवहन विभाग से बसों की फिटनेस, एक्सल और अन्य तकनीकी उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने की मांग उठ रही है।
