दीपावली पर कार्बाइड गन और हिंगोट चलाने वालों की खैर नहीं, अवैध पटाखों पर भी प्रशासन की नजर

कलेक्टर जयति सिंह ने एसडीएम को दिए सख्ती के निर्देश, पटाखा दुकानों की जांच से लेकर मिठाइयों में मिलावट रोकने तक चलेगा अभियान

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी 

दीपावली पर खुशियों के बीच सुरक्षा में लापरवाही भारी पड़ सकती है। जिले में प्रतिबंधित कार्बाइड गन और हिंगोट के इस्तेमाल पर प्रशासन सख्त रहेगा। इनके उपयोग पर रोक सुनिश्चित करने के साथ उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर जयति सिंह ने बुधवार को समय-सीमा बैठक में सभी एसडीएम को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए।

अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण पर शिकंजा

कलेक्टर ने अवैध पटाखों की बिक्री और विस्फोटक सामग्री के अवैध भंडारण पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पटाखा दुकानों की जांच कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा दुकानों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने पर जोर दिया। प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के दौरान आगजनी और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

मिठाइयों में मिलावट करने वालों पर भी नजर

त्योहार के दौरान मिलावटी मावा, घी, पनीर, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को आमजन की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार पारंपरिक, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाए जाएं।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अर्पित गुप्ता, सहायक कलेक्टर माधव अग्रवाल, अपर कलेक्टर हेमलता सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर रवि वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।