प्रशासन की समझाइश के बाद फिर खुलीं पटाखा दुकानें, शुरू हुई आतिशबाजी की खरीदारी

8 दुकानदारों को नोटिस मिलने पर व्यापारियों ने दुकानें बंद कर जताया था विरोध, तहसीलदार राहुल सोलंकी की चर्चा के बाद निकला समाधान

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी

दीपावली से पहले दशहरा मैदान में बंद हुआ पटाखा बाजार आखिरकार फिर गुलजार हो गया। आठ पटाखा दुकानदारों को नोटिस जारी होने के विरोध में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया था। इसके चलते पटाखों की खरीदारी करने पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। हालांकि तहसीलदार राहुल सोलंकी की व्यापारियों से चर्चा और प्रशासन की समझाइश के बाद सभी दुकानें फिर खुल गईं और पटाखों की बिक्री सुचारू रूप से शुरू हो गई।

चर्चा के बाद बनी सहमति, व्यापारियों ने खोली दुकानें

तहसीलदार राहुल सोलंकी ने बताया कि जिन पटाखा दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें नोटिस का पालन करने और अपना जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। व्यापारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। इसके बाद पटाखा बाजार सुचारू रूप से शुरू करा दिया गया।

नोटिस के विरोध में बंद किया था बाजार

दरअसल, एसडीएम कार्यालय की ओर से आठ व्यापारियों को दुकानों में अनियमितताओं को लेकर नोटिस जारी किए गए थे। इनमें दुकानों के बीच निर्धारित दूरी नहीं होना, लाइसेंसधारी की अनुपस्थिति, चेतावनी बोर्ड नहीं लगाना और फायर सेफ्टी इंतजामों में कमी सहित पांच बिंदुओं का उल्लेख था। इसके विरोध में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दशहरा मैदान में प्रदर्शन किया था।

एसडीएम ने बताईं निरीक्षण में मिली कमियां

एसडीएम भूपेंद्र रावत के अनुसार, दशहरा मैदान में पटाखा बिक्री के लिए 50 दुकानों के लाइसेंस जारी किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर लाइसेंसधारी के बजाय अन्य लोग दुकान संचालित करते मिले। साथ ही फायर सेफ्टी के आवश्यक संसाधनों की कमी भी सामने आई थी। इसी आधार पर आठ दुकानदारों को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए।