25 अक्टूबर को कलाल्दा के गायत्री धाम और अजगरिया पहुंचेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, हेलिपैड से लेकर वीआईपी रूट और पार्किंग तक का निरीक्षण
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित बड़वानी दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को डीआईजी सिमाला प्रसाद, कलेक्टर जयति सिंह और एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने ग्राम कलाल्दा स्थित गायत्री धाम और ग्राम अजगरिया में कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

अधिकारियों ने हेलिपैड, वीआईपी आवागमन मार्ग, सुरक्षा घेरा, प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग और विश्राम स्थलों का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में पाई जाने वाली कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा के साथ यातायात पर भी फोकस
डीआईजी सिमाला प्रसाद ने पुलिस बल को समय पर ड्यूटी पर पहुंचने, सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। आमजन की सुविधा के लिए सुचारू यातायात और व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर जयति सिंह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
