चौथी पास चूड़ी बेचने वाला निकला एमडी ड्रग्स का आरोपी! बड़वानी के युवक को इंदौर क्राइम ब्रांच ने दबोचा, 11 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद

1.10 लाख रुपये कीमत की मेफेड्रोन जब्त, रणजीत चौक निवासी 30 वर्षीय समीर खान गिरफ्तार; सितंबर में 100 ग्राम एमडी मामले की जांच के सिलसिले में बड़वानी पहुंची थी रतलाम पुलिस, स्थानीय संदिग्धों से की थी पूछताछ

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी 

नशे के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में बड़वानी जिले का नाम एक बार फिर सामने आया है

चूड़ियां बेचने का काम करने वाला चौथी कक्षा तक पढ़ा युवक एमडी ड्रग्स के मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा है। बड़वानी के रणजीत चौक निवासी 30 वर्षीय समीर खान को पुलिस ने 11 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर आरोपी तक नशे की यह खेप कहां से पहुंची और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।

इंदौर में हुई इस कार्रवाई ने इसलिए भी ध्यान खींचा है क्योंकि गिरफ्तार युवक बड़वानी के रणजीत चौक का निवासी है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर ड्रग्स की आपूर्ति के स्रोत और संभावित संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।

मुक्तिधाम के पास संदिग्ध हालत में मिला युवक, तलाशी में निकली एमडी ड्रग्स

इंदौर क्राइम ब्रांच के अनुसार, 21 नवंबर की रात रीजन पार्क रोड स्थित मुक्तिधाम के पास पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे सफेद कपड़े की थैली लेकर बैठा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर घबराने लगा। संदेह होने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा।

पूछताछ में उसकी पहचान समीर खान (30), निवासी रणजीत चौक, बड़वानी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0200/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया है।

बड़वानी से इंदौर तक कैसे पहुंची नशे की खेप?

इस मामले में अब सबसे अहम सवाल एमडी ड्रग्स के स्रोत और सप्लाई चेन को लेकर है। आरोपी को यह मादक पदार्थ किसने उपलब्ध कराया? क्या इसके पीछे कोई स्थानीय संपर्क है? क्या ड्रग्स की आपूर्ति केवल इंदौर तक सीमित थी या अन्य क्षेत्रों में भी इसके संपर्क हैं?

क्राइम ब्रांच इन बिंदुओं पर आरोपी से पूछताछ कर रही है। फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

✍️ इनसाइड खबर….


सितंबर में 100 ग्राम एमडी मामले की जांच के लिए बड़वानी पहुंची थी रतलाम पुलिस

इसी बीच जिले के लिए एक पुराना घटनाक्रम भी ध्यान देने योग्य है। सितंबर माह में रतलाम जिले के रिंगनोद थाना क्षेत्र में महू-नीमच फोरलेन पर पुलिस ने एक कार से करीब 100 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की थी। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई थी। इस मामले में पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें अंजड़ क्षेत्र के इमरान मंसूरी और शाहरुख मंसूरी भी शामिल बताए गए थे।

दोनों सहित अन्य आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ के बाद मिले इनपुट के आधार पर रतलाम पुलिस की विशेष टीम सितंबर में बड़वानी पहुंची थी। टीम ने जिले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर संभावित स्थानीय संपर्कों और मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई थी।

✍️ फेक्ट फाइल 

4.58 करोड़ के मादक पदार्थ और वाहन जब्त कर चुकी है इंदौर क्राइम ब्रांच

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, वर्ष 2026 में 1 जनवरी से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 95 प्रकरण दर्ज कर 209 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में 3.50465 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 41.023 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 467.28 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 4 करोड़ 58 लाख 22 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त किए गए हैं।

अब सप्लायर तक पहुंचने की चुनौती

इंदौर में हुई ताजा गिरफ्तारी के बाद जांच का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पुलिस आरोपी तक एमडी ड्रग्स पहुंचाने वाले स्रोत और उसके संभावित संपर्कों का पता लगा पाए। वहीं, सितंबर में रतलाम पुलिस द्वारा बड़वानी में की गई पूछताछ का घटनाक्रम भी जिले में नशे के अवैध कारोबार को लेकर संज्ञान लेने योग्य है।

बड़वानी का युवक इंदौर में एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा जाना एक गंभीर मामला है। अब देखना होगा कि पूछताछ में ड्रग्स के सप्लायर और उसके पीछे सक्रिय लोगों को लेकर क्या खुलासे होते हैं।