फत्यापुर में स्कूल बस को यात्री बस ने मारी जोरदार टक्कर, बच्चों की सुरक्षा को लेकर मचा हड़कंप

ब्रेकिंग न्यूज | अंजड़

स्कूल बस से बच्चों को उतारते समय हुआ हादसा, सभी बच्चे सुरक्षित; यात्री बस में सवार महिलाएं सहित कई लोग घायल

दैनिक ध्रुव वाणी  

अंजड़। थाना क्षेत्र के ग्राम फत्यापुर में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। बच्चों को स्कूल बस से उतारने के दौरान पीछे से तेज गति में आ रही सवारियों से भरी यात्री बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, अंजड़ की नर्मदा एकेडमी की स्कूल बस क्रमांक MP 46 Z 9916 बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। फत्यापुर में दो बच्चों को बस से उतारने के दौरान बड़वानी से सवारियां लेकर धामनोद जा रही त्रिनेत्र यात्री बस क्रमांक MP 46 P 0272 ने पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्री बस में सवार लोगों को चोटें आईं। गनीमत रही कि स्कूल बस में मौजूद सभी बच्चे सुरक्षित हैं। हादसे में लोहारा निवासी सावित्री बाई, मेहगांव डेब निवासी एक महिला सहित अन्य लोग घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। हादसे के चलते कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।

फिलहाल घायलों को अस्पताल पहुंचाने का क्रम जारी है। हादसे के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।