दो वाहनों में भरकर ले जा रहे थे 55 पेटी शराब, राजपुर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

612 लीटर शराब जब्त, ईको कार और बोलेरो सहित 2.31 लाख रुपये का माल बरामद; आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी

जिले में अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजपुर पुलिस ने दो वाहनों से 55 पेटी शराब जब्त कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2 लाख 31 हजार 520 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल मारुति ईको कार और महिंद्रा बोलेरो भी जब्त की हैं। दोनों आरोपितों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धामनोद की ओर से दो वाहनों में अवैध शराब भरकर बड़वानी रोड से जुलवानिया की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना पर राजपुर पुलिस ने जुलवानिया रोड और थाना परिसर के समीप वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान धामनोद की ओर से आ रही ग्रे रंग की मारुति ईको कार (एमपी-09-बीजे-1739) को रोककर तलाशी ली गई। उसमें बैगपाइपर व्हिस्की की छह, लंदन प्राइड व्हिस्की की आठ और लेमाउंट बीयर की छह पेटी सहित कुल 20 पेटी शराब मिली।

ईको कार के पीछे आ रही सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो (एमपी-13-सीए-1182) के चालक ने पुलिस को देखकर वाहन भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को थाना परिसर के सामने रोक लिया। तलाशी में बोलेरो से लेमाउंट बीयर की 35 पेटी बरामद हुई। दोनों वाहनों से कुल 55 पेटी, लगभग 612 लीटर शराब जब्त की गई।

दो आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश

पुलिस ने प्रकाश पिता बलिराम राठौड़ निवासी बड़वानी रोड, राजपुर और ईतेश पिता दिनेश अजनारे निवासी अवल्या फलिया, ग्राम बिलवानी को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश भी जारी है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी राजपुर बीएल अटोदे के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।