तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मची अफरा-तफरी, घायलों को अंजड़ और बड़वानी अस्पताल पहुंचाया
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम बोरलाय में बड़वानी रोड पर गुरुवार को रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, फत्यापुर निवासी रायसिंह और पाडला निवासी हेमेंद्र परिहार बाइक से अंजड़ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बोरलाय निवासी लोकेंद्र मंडलोई अपने चार बच्चों को बाइक पर लेकर बोरलाय की ओर जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवारों के साथ लोकेंद्र और उनके चार बच्चे घायल हो गए।

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। रायसिंह और हेमेंद्र को अंजड़ सिविल अस्पताल लाया गया, जबकि लोकेंद्र और उनके चार बच्चों को बड़वानी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद रेत परिवहन और तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।
