अंजड़ में अमन ट्रेडर्स जिनिंग में भीषण आग, रूई की गठानों तक पहुंचीं लपटें; लाखों के नुकसान की आशंका

थाने के सामने नवलपुरा क्षेत्र में मची अफरा-तफरी, अंजड़ और बड़वानी की फायर ब्रिगेड आग बुझाने में जुटी; पुलिस-प्रशासन मौके पर मौजूद

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी 

अंजड़ नगर के नवलपुरा क्षेत्र में अंजड़ थाने के ठीक सामने स्थित अमन ट्रेडर्स जिनिंग में बुधवार शाम करीब 4 बजे अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। जिनिंग परिसर से उठती आग की लपटों और धुएं के घने गुबार ने आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। आग की चपेट में रूई की गठानें और जिनिंग में रखा अन्य सामान आने की आशंका है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

🔥 आग बुझाने के लिए दमकल और टैंकरों की मशक्कत

आग की सूचना मिलते ही अंजड़ और बड़वानी से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल वाहनों के साथ पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आग की तीव्रता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य में जुटे अमले को लगातार मशक्कत करनी पड़ रही है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

🚔 पुलिस-प्रशासन मौके पर, कारणों का पता नहीं

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी नाथु सिंह रंधा, तहसीलदार भूपेंद्र भीडे सहित पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। आग बुझने के बाद नुकसान का आकलन और घटना के कारणों की जांच की जा सकेगी।

UPDATE: अमन ट्रेडर्स जिनिंग में आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। नुकसान और आग लगने के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।