गुरुद्वारा चौराहे पर 30 से 40 वाहनों की जांच, 6200 रुपये का समन शुल्क वसूला; नाबालिगों के वाहन चलाने पर अभिभावकों को दी समझाइश
दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी
बोहरा मोहल्ले में सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत के बाद यातायात नियमों के पालन और शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर उठ रही मांगों के बीच पुलिस ने बुधवार शाम गुरुद्वारा चौराहे पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान करीब 30 से 40 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 26 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर 6200 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

हादसे के बाद यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
एक दिन पहले बोहरा मोहल्ले में सुबह नमाज पढ़कर निकल रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक सवारों ने टक्कर मार दी थी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद समाजजनों ने यातायात व्यवस्था में सुधार और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई थी। इसके बाद बुधवार शाम यातायात पुलिस ने गुरुद्वारा चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान एसडीओपी रोहित सिंह अलावा, कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन, यातायात प्रभारी विनोद सिंह बघेल सहित पुलिस अमला मौजूद रहा।

तेज रफ्तार, तीन सवारी और नंबर प्लेट की जांच
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान तेज गति से वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट या गलत नंबर प्लेट के वाहन चलाने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे मामलों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 26 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 6200 रुपये का समन शुल्क वसूला।

नाबालिगों के अभिभावकों को दी समझाइश
चेकिंग के दौरान नाबालिगों के वाहन चलाते पाए जाने पर उनके अभिभावकों को मौके पर बुलाकर समझाइश दी गई। पुलिस ने उन्हें नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए नहीं देने की हिदायत दी। साथ ही नागरिकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन के जरूरी दस्तावेज साथ रखने और नंबर प्लेट नियमानुसार लगाने की अपील की।

अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ एफआईआर
कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि बुजुर्ग को टक्कर मारने के मामले में अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने में जुटी है।
