मां वैष्णो देवी मंदिर का 31वां विशाल भंडारा 23 अक्टूबर को, 50 हजार से अधिक श्रद्धालु ग्रहण करेंगे महाप्रसाद

40 क्विंटल सब्जी, 40 क्विंटल पूड़ी और 17 क्विंटल नुक्ती तैयार होगी; 1996 में हुई थी भंडारे की शुरुआत


दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी


नवरात्रि में शक्ति आराधना के बाद अब मां वैष्णो देवी मंदिर में सेवा और प्रसादी का सिलसिला शुरू होगा। मंदिर समिति द्वारा 23 अक्टूबर को 31वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के महाप्रसाद ग्रहण करने की संभावना है। आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

समिति पदाधिकारी अनिल जोशी और आनंद हल्दीवाल के अनुसार, भंडारे में करीब 40 क्विंटल सब्जी, 40 क्विंटल पूड़ी और 17 क्विंटल शक्कर की नुक्ती तैयार की जाएगी। व्यवस्था में 50 से अधिक स्वयंसेवक तथा 50 से अधिक हलवाई और महिलाएं सेवाएं देंगी।

1996 में हुई थी भंडारे की शुरुआत


मां वैष्णो देवी मंदिर के विशाल भंडारे की शुरुआत 19 अक्टूबर 1996 को आनंद हल्दीवाल परिवार ने की थी। शुरुआती वर्षों में 10 से 15 हजार श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करने पहुंचते थे। समय के साथ आयोजन का विस्तार हुआ और अब मंदिर समिति सामूहिक रूप से इसकी व्यवस्थाएं संभालती है। प्रसादी भंडारे के लिए मां वैष्णो गार्डन में विशाल शामियाना लगाया जा रहा है।

24 और 25 अक्टूबर को भी होंगे भंडारे

शहर में 24 अक्टूबर को पाला बाजार स्थित मां कालिका माता मंदिर में 28वें वर्ष का विशाल भंडारा आयोजित होगा। वहीं, 25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा पर आशाग्राम रोड स्थित मां त्रिवेणी माता मंदिर में भंडारा होगा। यहां कन्या भोजन के बाद प्रसादी वितरण और रात में दूध की प्रसादी वितरित की जाएगी।