कलेक्टर जयति सिंह ने रात्रि चौपाल में सुनी किसानों की समस्याएं, 69 किसानों ने प्राकृतिक खेती के लिए कराया पंजीयन

बीजापुरी में 23वीं रात्रि चौपाल आयोजित, खेती से पशुपालन तक की योजनाओं की दी जानकारी; पंचायत, स्कूल और आंगनवाड़ी भवनों की समस्या पर जल्द निर्माण का आश्वासन


दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी


किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और शासकीय योजनाओं से जोड़ने के लिए कृषक कल्याण वर्ष 2026 के तहत जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सेंधवा विकासखंड के ग्राम बीजापुरी में कलेक्टर जयति सिंह की अध्यक्षता में 23वीं रात्रि चौपाल आयोजित की गई। इसमें प्राकृतिक खेती, कपास उत्पादन, पशुपालन, स्वरोजगार और ग्रामीण समस्याओं पर चर्चा की गई।

चौपाल में ग्राम पंचायत के 69 किसानों ने प्राकृतिक खेती के लिए पंजीयन कराया। अधिकारियों ने किसानों को नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के तहत पंजीयन और प्रमाणीकरण की प्रक्रिया समझाई। साथ ही प्राकृतिक खेती अपनाने पर दो वर्षों तक प्रति एकड़ प्रतिवर्ष 4 हजार रुपये प्रोत्साहन और जैविक खाद व कीटनाशक निर्माण के लिए बायो-इनपुट रिसोर्स सेंटर स्थापित करने पर एक लाख रुपये तक की सहायता तथा प्रशिक्षण की जानकारी दी गई।

पशुपालन विभाग ने बकरी पालन, दुग्ध उत्पादन और उन्नत पशुपालन के उपाय बताए। ग्रामीण युवाओं को मैत्री योजना के तहत प्रशिक्षण लेकर गांव में ही पशु स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ने और आजीविका अर्जित करने के अवसरों की जानकारी दी गई। कपास उत्पादक किसानों को कस्तूरी कॉटन भारत के गुणवत्ता मानकों, एचडीपीएस तकनीक और संतुलित उर्वरकों के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

अधिकारियों के अनुसार, गुणवत्तायुक्त कपास की प्रत्येक बेल पर जिनर्स को 500 रुपये प्रोत्साहन देने का प्रावधान है। चौपाल में ग्रामीणों ने पंचायत भवन, स्कूल भवन और आंगनवाड़ी केंद्र के निर्माण से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों से जानकारी लेकर नवीन स्वीकृति के माध्यम से निर्माण कार्य कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ सहित कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, राजस्व और निर्माण विभाग के अधिकारी, सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।