लंबित अपराधों की जांच समयसीमा में पूरी करने के निर्देश, गुमशुदा महिलाओं-बच्चों की तलाश और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के दिए आदेश
दैनिक ध्रुव और बड़वानी
बड़वानी एसडीओपी का पदभार संभालते ही रोहित अलावा ने पुलिसिंग की व्यवस्था परखने के लिए पाटी थाने का औचक निरीक्षण किया। थाने के रिकॉर्ड से लेकर हवालात की सुरक्षा, हथियारों की स्थिति और लंबित अपराधों की जांच तक की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गंभीर मामलों की विवेचना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और फरियादियों को न्याय के लिए अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

गंभीर अपराधों की जांच में तेजी लाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान अलावा ने अपराध रजिस्टर सहित महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। लंबित गंभीर अपराधों और विवेचनाधीन मामलों की जानकारी लेकर जांच अधिकारियों को साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। मर्ग प्रकरणों की समीक्षा करते हुए गुमशुदा महिलाओं और बच्चों की तलाश के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।

हवालात से शस्त्रागार तक जांची व्यवस्था
एसडीओपी ने हवालात में सुरक्षा इंतजाम, सीसीटीवी कैमरों, रोशनी और बंदियों के लिए भोजन-पानी की उपलब्धता का जायजा लिया। शस्त्रागार में रखे सरकारी हथियारों, कारतूसों और बलवा-रोधी उपकरणों का भौतिक सत्यापन भी किया। उन्होंने हथियारों के रखरखाव और आपात स्थिति में पुलिस बल की तत्परता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
फरियादियों से अच्छा व्यवहार, अपराधियों पर सख्ती
थाना परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता, मालखाने और जब्त वाहनों के निस्तारण की स्थिति भी देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि थाने आने वाले हर फरियादी की शिकायत संवेदनशीलता से सुनकर त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाए। अवैध शराब, जुआ-सट्टा और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ बाजारों व संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और चेकिंग बढ़ाई जाए।
