ध्रुव ☀️ वाणी न्यूज बड़वानी
जिले के तीन होनहार खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी ताकत का दम दिखाएंगे। बड़वानी जिला पंजा कुश्ती संघ के तत्वावधान में भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद तीन खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय पंजा कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 29 मई से 2 जून तक गांधीनगर (गुजरात) में आयोजित होगी।
जूनियर वर्ग में पहली बार ऋग्वेद धारसे (50 किलोग्राम) और सीनियर वर्ग में दूसरी बार यश डुडवे (85 किलोग्राम) राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वहीं जिले के अनुभवी खिलाड़ी मनोज पटेल एक बार फिर दिव्यांग वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
- मनोज पटेल वर्ष 2016 से लगातार राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अब तक वे राष्ट्रीय पंजा कुश्ती में 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं। इतना ही नहीं, वे रोमानिया और दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जहां उन्होंने क्रमशः 8वां और 5वां स्थान हासिल किया था।
जिला पंजा कुश्ती संघ के सचिव ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को इसी वर्ष भारत में होने वाली वर्ल्ड आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। खिलाड़ियों के रवाना होने पर संघ, फैंस क्लब, श्री बजरंग व्यायाम शाला और फिटवेल जिम के सदस्यों ने हर्ष जताया।
