ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी
जिले के राजपुर क्षेत्र में महिला से नगदी छीनने की गंभीर घटना के संबंध में राजपुर पुलिस ने रविवार को खुलासा किया। एसपी कार्यालय में एसपी जगदीश डावर ने मामले का खुलासा किया।
दरअसल 20 जनवरी को सुबह लगभग 10:30 बजे फरियादी दुर्गा आस्के ( माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत) ग्राम सालखेड़ा, रोझानी और इंद्रपुर से कलेक्शन कार्य उपरांत स्कूटी से जुलवानिया जा रही थी। इसी दौरान ग्राम इंद्रपुर मोहनपुरा के सुनसान क्षेत्र में दो अज्ञात बदमाशों ने उनका रूपयों से भरा बैग झपट लिया। जिसमें 40 हजार 840 नगदी, टैबलेट, मशीन और कंपनी के आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे। मामले में राजपुर पुलिस टीम द्वारा वैज्ञानिक, तकनीकी और मनोवैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनोद पिता सरदार बड़ोले, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम इंद्रपुर और आरोपी असलम पिता फैजु सैय्यद, उम्र 22 वर्ष, निवासी ईदगाह मोहल्ला, बड़वानी को ग्राम बंधान (बड़वानी) से गिरफ्तार किया गया।

दो आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 11 000 नगदी बरामद की गई है, जिसमें आरोपी विनोद से 5000 और आरोपी असलम से 6000 प्राप्त हुए। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई है। अन्य आरोपी अनिल और गारदा की तलाश जारी है।
अन्य वारदात करना स्वीकार किया
पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने थाना राजपुर केग्राम इंद्रपुर मोहनपुरा के सुनसान क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत महिला से नगदी, टैबलेट और दस्तावेजों से भरा बैग छीनने की घटना को स्वीकार किया। वहीं थाना नागलवाड़ी थाना क्षेत्र में 20 जनवरी को गवला घाटी मार्ग पर मुर्गी पालन व्यवसायी रईस अब्बास खान निवासी सेंधवा से धमकाकर 1 लाख 12 रुपए से भरा बैग छीनने की घटना को भी स्वीकार किया। दोनों घटनाओं के मास्टर माइंड आरोपी विनोद पिता सरदार बड़ोले हैं, जिन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर उक्त अपराध किए।
