ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी
पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल ने गुरुवार देर शाम शहर कोतवाली पहुंच कर आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान रिकॉर्ड रूम, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष एवं थाना परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की गई। जब्त माल की सुरक्षा, अभिलेखों के रख-रखाव, ऑनलाइन प्रविष्टियों की अद्यतन स्थिति एवं सुरक्षा प्रबंधों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

पुलिस अधीक्षक द्वारा बलवा ड्रिल सामग्री एवं उपकरणों का निरीक्षण कर उनकी कार्य शीलता का परीक्षण किया गया तथा थाना स्तर पर पदस्थ समस्त पुलिस बल की उपस्थिति का सत्यापन किया गया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

वहीं उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सतत गश्त एवं निगरानी बढ़ाने, आपराधिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखने, महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा डिजिटल रिकॉर्डिंग एवं रिपोर्टिंग में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश
एसपी शुक्ल ने वर्तमान त्यौहार होली, रंगपंचमी एवं रमजान के दृष्टिगत सांप्रदायिक सौहार्द, शांति एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने एवं बीट प्रणाली को सुदृढ़ कर जमीनी स्तर पर सूचना तंत्र मजबूत करने पर भी जोर दिया। साथ ही जन-सुनवाई को प्राथमिकता देते हुए थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनने तथा समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत बिसेन एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
