एसपी ने किया डीआरपी लाइन का निरीक्षण, अभिभाषक और मीडिया से की चर्चा, झाबुआ में किए 3डी की तरह बड़वानी जिले में नवाचार करने की बात कही 

ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी 

नवागत पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल ने गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस डीआरपी लाइन बड़गांव का निरीक्षण किया। वहीं जिला न्यायालय पहुंचकर अभिभाषकों से मुलाकात की। जबकि एसपी कार्यालय में मीडिया से मुखातिब हुए।

सबसे पहले नवागत पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा जिला पुलिस लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन की समस्त शाखाओं का क्रमवार अवलोकन कर कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, अनुशासन, स्वच्छता एवं उपलब्ध संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की गई।

साथ ही केन्द्रीय पुलिस केंटीन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद दिशा (पुलिस) लर्निंग सेंटर एवं लर्निंग सेंटर का भ्रमण कर वहाँ अध्ययनरत अभ्यर्थियों से चर्चा कर उनकी तैयारी, अध्ययन व्यवस्था एवं आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशिक्षण वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, सभी शाखाओं में आपसी समन्वय से कार्य करने तथा अनुशासन एवं कार्यकुशलता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान रक्षित निरीक्षक श्री चेतन बघेल, सूबेदार रहे मौजूद

पुलिस अधीक्षक शुक्ल द्वारा जिला न्यायालय बड़वानी पहुंचकर जिला अभिभाषक संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्तागण से मुलाकात कर आपसी समन्वय, न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग, कानून-व्यवस्था से संबंधित विषयों तथा पुलिस एवं अधिवक्ता संघ के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित किए जाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई एवं जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के संबंध में आवश्यक विचार-विमर्श किया।

गुरुवार दोपहर 1 बजे एसपी कार्यालय सभागृह में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाने एवं अपराध पर नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत व वर्तमान में त्योहारों के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण की प्राथमिकता 

एसपी ने कहा कि पुलिस अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने एवं आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किए जाने की बात कही। वहीं  पुलिस अधीक्षक ने मीडिया से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस एवं मीडिया के समन्वय से समाज में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।