🔵 गैस एजेंसियों पर आया लोड
🔴 नई बुकिंग के लिए नहीं आ रहा मैसेज
ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी
कमर्शियल सिलेंडर की आवक-खपत थमने के बाद अब घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता पर भार बढ़ गया है। इसके मद्देनजर जिले में प्रशासन अलर्ट मोड पर सक्रिय हो गया हैं। शुक्रवार दोपहर कलेक्टर जयति सिंह ने आवश्यक बैठक ली। कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों को सख्त चेताया कि सिलेंडर की कालाबाजारी नहीं होना चाहिए। वहीं आम उपभोक्ताओं को संदेश दिया कि जिले में घरेलू रसोई गैस सहित ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है। उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

बैठक में जिले में घरेलू गैस व ईंधन की निर्बाध आपूर्ति के लिए जिले के घरेलू गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों,पेट्रोल पंप संचालकों तथा केटरिंग एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की। इस बैठक में बीपीसीएल, एचपीसीएल, आईओसीएल एजेंसियों के प्रतिनिधि वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थित रहे। इस दौरान कलेक्टर सिंह ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर और ईंधन वितरण की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए। ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे। किसी भी उपभोक्ता को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने घरेलू गैस वितरक कंपनियों के प्रतिनिधियों को बफर स्टॉक रखने और प्रतिदिन मूल्यांकन कर मांग और वितरण की व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

पैनिक बुकिंग न करने की अपील
कलेक्टर सिंह ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और किसी प्रकार की कालाबाजारी नहीं होने दी जाए। यदि होटल या अन्य व्यवसायों को घरेलू सिलेंडर दिए जाने की शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी नागरिकों को घरेलू गैस और ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग तथा पैनिक बुकिंग न करने अपील की है।

बुकिंग दिनांक अनुरुप देंगे वरीयता
जिला आपूर्ति अधिकारी भरत सिंह जमरे द्वारा बताया कि सभी गैस एजेंसी संचालक पंजीकृत उपभोक्ताओं को उनके द्वारा की गई बुकिंग के अनुरूप ही रिफिल प्रदाय करेंगे। रिफिल बुकिंग की वरीयता अनुसार ही सिलेंडर का प्रदाय सुनिश्चित किया जाए अर्थात दिनांक एक से पांच तक की बुकिंग में सर्वप्रथम एक तारीख वाले हितग्राही को और उसके बाद दो तारीख वालों को इसी तरह वरीयता सुनिश्चित की जाए। गैस की उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने हेतु मांग समय पर कंपनी को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही डिलिवरी बॉय की मॉनिटरिंग की जाए ताकि पात्र हितग्राहियों को ही सिलेंडर रिफिल की सुविधा प्राप्त हो सके।

शहर में 21, ग्राम में 45 दिन अवधि
दरअसल एक दिन पूर्व शहर की गैस एजेंसियों में स्टॉक खत्म होने पर संकट बढ़ा था।, लेकिन शुक्रवार सुबह सिलेंडर के लोड मिलने पर वितरण व्यवस्था गोडाउन से लेकर डोर टू डोर सुचारु जारी रही। वहीं ऑयल कंपनियों द्वारा शहरी क्षेत्रो में सिलेंडर की अगली बुकिंग का अंतर 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह समय सीमा 45 दिन निर्धारित की गई है।

वैकल्पिक साधन अपनाने का आह्वान
बैठक में बताया कि वर्तमान में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति अस्थाई रूप से प्रभावित है। ऐसे में होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को अस्थाई रूप से डीजल भट्टी, इंडक्शन, इंफ्रारेड इलेक्ट्रिक कॉइल जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की सलाह दी।

पीएनजी कनेक्शन के लिए प्रेरित किया
प्रेस वार्ता में कलेक्टर ने कहा कि घरेलू गैस वितरण की ऑनलाइन व्यवस्था को और मजबूत कर, इससे जुड़ी कंपनियां भी सर्वर आदि की क्षमता में सुधार कर रही हैं। जिससे रिफिल बुकिंग,ओटीपी जनरेशन और वितरण बिना असुविधा के सुनिश्चित किया जा सके। पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया जाए। जिन कामों में गैस ज्यादा खर्च होती है। उनको नियंत्रित करने और विकल्प तैयार करने के लिए प्रेरित किया जाए।
