ब्लैक स्पॉट पर गलत दिशा में दो पहिया वाहन से जा रही थी महिला, एसपी ने रोककर दी समझाइश

ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटना की संभावना कम करने के लिए दिए आवश्यक निर्देश

ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी

जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसपी पद्म विलोचन शुक्ल ने रविवार को जुलवानिया क्षेत्र के चिह्नित ब्लैक स्पॉट एबी रोड आशीर्वाद कट पॉइंट तथा ग्राम देवला रोड के पास का निरीक्षण किया।

इस दौरान एसपी ने संबंधित अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात संकेतक, बैरिकेडिंग और जागरूकता बढ़ाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान ग्राम देवला रोड स्थित ब्लैक स्पॉट पर एक महिला दोपहिया वाहन से रॉन्ग साइड से अपने गांव देवला की और जाती हुई पाई गई। इस पर एसपी शुक्ल द्वारा वाहन को रुकवाकर महिला को यातायात नियमों की जानकारी दी। वहीं भविष्य में इस प्रकार की गलती दोबारा न करने की समझाइश दी।

नियमों का पालन जरुरी

एसपी ने वाहन चालकों से कहा कि गलत दिशा में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है। इसलिए सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है। इस दौरान एएसपी धीरज बब्बर, यातायात प्रभारी विनोद बघेल, जुलवानिया थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।