मस्जिदों में नजर आई रौनक, पवित्र माह के समापन पर नम हुई समाजजनों की आंखे
ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी
पवित्र रमजान माह के चौथे शुक्रवार को मुस्लिम समाज ने जुमातुल विदा (अंतिम जुमा) की विशेष नमाज अदा की। इस दौरान शहर की सभी मस्जिदों में खासी रौनक नजर आई। सभी मस्जिदें व परिसर नमाजियों से भर गए। मस्जिद सहित परिसरों में नमाज अदा की। इस दौरान रमजान को लेकर विशेष तकरीर हुई। वहीं कुत्बे का वाचन कर मस्जिदों में हाफिज-आलिमों ने अलविदा माहे रमजान अलविदा की पंक्तियां दोहराई। इस दौरान पवित्र माह के समापन पर समाजजनों की आंखे नम हो गई।

दरअसल दोपहर की नमाज के पूर्व जुमा की विशेष नमाज अदा की गई। इसके चलते शहर की शाही मस्जिद, उस्मानिया मस्जिद, बशीरन बी मस्जिद, सऊद मस्जिद, जामा मस्जिद, कदीमी मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में समाजजन पहुंचे। नमाज के बाद देश-प्रदेश में में अमन चैन की दुआएं की। वहीं अंत में दरूदो सलाम पेश कर मुसाफा किया। समाजजनों ने शुक्रवार को 23 वां रोजा पूर्ण किया। शाम को मगरीब की आज के बाद इफ्तार किया। रात्रि में विशेष तरावीह की नमाज अदा की गई। 15 मार्च को 26 रोजे पूर्ण होने पर शब ए कद्र मनाई जाएगी। इस दौरान समाजजन रातभर जागकर नमाज व इबादत में मशगूल रहेंगे।
चांद नजर आने पर मनाएंगे ईद
इस दौरान बताया गया कि चांद दिखाई देने पर 20 या 21 मार्च को ईदुल फितर का पर्व मनाया जाएगा। ईद के दिन सुन्नत मुस्लिम जमात के तत्वावधान में बावनगजा मार्ग स्थित ईदगाह सहित जामा मस्जिद में विशेष नमाज अदा की जाएगी।
