आजाद अतिथि अध्यापक संघ ने कहा कि डेढ़ दशक में नहीं हुआ हमारा नियमितिकरण

ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी

प्रदेश संगठन के आह्वान पर शुक्रवार को आजाद अतिथि शिक्षक संगठन ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपर कलेक्टर सोहन कनास और नायब तहसीलदार सोनू गोयल को ज्ञापन सौंपा।

संगठन के प्रदेश सचिव शंभू वलोंके ने बताया कि हम गत 15 से 17 वर्षांे से कार्यरत हैं, लेकिन आज तक हमारा नियमितिकरण नहीं किया गया। जिला डायरेक्टर देवेंद्र वर्मा ने कहा कि हमसे लगातार शासकीय स्कूलों में नियमित शिक्षकों की भांति कार्य लिया जा रहा है , लेकिन हमको नियमित नहीं किया। एक दिन का भी अवकाश नहीं मिलता है। खास तौर पर महिला अतिथि शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की हैं कि हमें नियमित शिक्षकों की तरह वेतन और अवकाश का लाभ दिया जाए।

अतिथि शिक्षिका रोशनी जाधव ने कहा की हमारा पद स्थायित्व अत्यंत आवश्यक है, लेकिन नियमित शिक्षक के आने पर हमें कभी भी बाहर कर दिया जाता है। सरकार ने हमें नियमित कर हमारा भविष्य सुरक्षित करना चाहिए। ज्ञापन अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी निलेश कुमार मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल सोलंकी, सुनील निगवाल, विक्रम मुजाल्दे, रजनसिंह सोलंकी, नान सिंह सोलंकी, अरुण सोलंकी सहित बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक मौजूद रहे।