BARWANI… सडक़ हादसे में कलेक्टर के वाहन चालक की दुखद मौत

खंडवा-वड़ोदरा स्टेट हाईवे स्थित ग्राम करी के पास हुआ भीषण हादसा, सिर-मुंह में लगी गंंभीर चोट

ध्रुव वाणी बड़वानी

शहर के अंजड़ मार्ग पर ग्राम करी के पास मंगलवार शाम 7 बजे भीषण सडक़ हादसे में कलेक्टर के वाहन चालक की दुखद मौत हो गई। मृतक 56 वर्षीय मंशाराम पिता धनसिंह  केश्कर अपनी बहन की घर मन्नत का कार्यक्रम होने से उसमें शामिल होने के लिए अवकाश पर थे। मन्नत का कार्यक्रम राजपुर के पास शिवा बाबा स्थान पर था। वहां से घर लौटते के बाद वे ग्राम करी से किसी काम के लिए बाइक से बड़वानी जा रहे थे। अज्ञात वाहन ने बुरी तरह टक्कर मारी। जिसके बाद उसे लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित किया।

प्रत्यक्षदर्शी सचिन शर्मा पार्षद ने बताया कि उक्त हादसा ग्राम करी के पास मॉडल कॉलेज गेट के सामने खंडवा-बड़ौदा राजमार्ग पर शाम करीब 7 बजकर 2 मिनट पर हुआ। जिसमें चालक मंशाराम पिता धनसिंह केश्कर, जो एनवीडीए विभाग में पदस्थ होकर कलेक्टर के वाहन चालक थे, उनकी मौत हो गई। मंशाराम बाइक से बड़वानी की ओर आ रहे थे, तभी सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मारी। जिससे मंशाराम बुरी तरह लहूलुहान हो गया। उसका चेहरा और सिर बुरी तरह हादसे की चपेट में आया। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार हादसे के बाद सडक़ भी लहुलुहान हो गई। वहीं मृतक की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। घायल कर्मी को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित किया। डॉक्टर्स ने कहा कि मृतक को मुख्य रुप से सिर व मुंह पर गंभीर रुप से चोट लगी, अगर वे हेलमेट पहने होते तो जान बच सकती थी।

सिर-चेहरा डैमेज हो गया

इमरजेंसी ओपीडी में तैनात डॉक्टर राम पाटीदार ने बताया कि भीषण दुर्घटना के शिकार एक व्यक्ति को जिला अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। दुर्घटना में उसका चेहरा और सिर बुरी तरह डैमेज हो गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।

परिजनों का रो रोकर हुआ बुरा हाल

मृतक को मुंह व सिर में गंभीर चोट लगी थी। उसे जब इमरजेंसी वार्ड से पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया, तब जिला अस्पताल की इमरजेंसी ओपीडी से लेकर ओटले तक खून की धार बही नजर आई। वहीं इस दौरान मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।

🚨 कलेक्टर ने जताया दुख

उक्त सड़क दुर्घटना के बाद कलेक्टर जयति सिंह ने भी दुख व्यक्त किया। कलेक्टर सिंह ने कहा कि मंशाराम उनके वाहन चालक थे। हादसे में दुखद निधन होने के बाद नियमानुसार उनके  परिवार को अनुकंपा नियुक्ति सहित राहत राशि प्रदान की जाएगी।