Police… बाइक चोर को मात्र छह घंटे में धरदबोचा, सेंधवा पुलिस की कार्रवाई

ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी

अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन हवालात के तहत थाना सेंधवा शहर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने बाइक चोरी के आरोपी को महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई 70 हजार रुपए कीमत की बाइक बरामद की। साथ ही आरोपी के विरुद्ध लंबित स्थाई वारंट भी तामील किया है।

पुलिस के अनुसार 7 मार्च को फरियादी ने सेंधवा शहर थाने में रिपोर्ट कराई कि उसकी बाइक क्रमांक एमपी 46 एम 7076 को अज्ञात व्यक्ति द्वारा सेंधवा बाजार से चोरी कर लिया है। इस पर सेंधवा शहर थाने में धारा 303 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। वहीं जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसपी पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा ऑपरेशन हवालात अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत लंबित चोरी के प्रकरण, बाइक चोर, फरार और स्थाई वारंटियों, इनामी बदमाशों तथा जिला बदर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों को विशेष टीम गठित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत सेंधवा थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह ने टीम गठित कर एसपी के निर्देशन, एएसपी धीरज बब्बर, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश शुरू की गई। टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बाइक चोरी का आरोपी राहुल पिता संतोष सोलंकी 19 वर्ष निवासी ग्राम वासवीए थाना सेंधवा ग्रामीण है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को भामन्या फाटा से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी गई बाइक बरामद की।

निकला आदतन आरोपी

पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की। जिसमें पाया गया कि वह आदतन बाइक चोर है। उसके विरुद्ध थाना सेंधवा शहर का एक स्थाई वारंट लंबित था। उसे भी पुलिस ने तामील किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय सेंधवा के समक्ष पेश किया। कार्रवाई में सेंधवा शहर टीआई दिनेश सिंह कुशवाह, एएसआई संजय पाटीदार,कैलाश सिंह का सहयोग रहा।