Barwani… नर्मदा स्नान पर रही रोक, सिर्फ पूजन-दर्शन के लिए खुला रहा तट

पुलिस-प्रशासन का अमला तैनात रहा, अधिकारियों ने किया मुआयना

ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी

रंग पंचमी पर पक्के व केमिकल युक्त रंगों से होली खेलकर व नशा कर नर्मदा स्नान के दौरान हादसे व जल प्रदूषण के मद्देनजर बीते वर्ष की भांति इस बार भी समीप नर्मदा राजघाट बैकवाटर किनारे नर्मदा स्नान पर रोक रही। हालांकि सामान्य रुप से पूजन-दर्शन करने वाले लोग पहुंचे। वहीं विभिन्न राज्य-शहरों से आने वाले परिक्रमावासी भी बड़ी संख्या में पहुंचे और सामान्य स्नान कर पूजन-अर्चन संपन्न किया।

रोहिणी सेवार्थ सामाजिक संस्था के सचिन शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2019 से सरदार सरोवर बांध की शुरुआत से मां नर्मदा का प्रवाह थमा रहता हैं। वर्तमान में बैकवाटर के चलते राजघाट-बड़वानी के बीच सडक़ मार्ग से आवाजाही बंद हैं। ऐसे में बैकवॉटर के सडक़ किनारे ही स्नान-पूजन हो रहा है। रंगपंचमी पर लोग नशे में स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाते है। साथ ही केमिकल युक्त रंग लगाकर स्नान करने, साबुन-शैम्पू का उपयोग करने से नर्मदा के थमे बैकवाटर में प्रदूषण बढ़ता है। जिसका सीधा प्रभाव जलीय जीवों के जीवन पर पड़ता है। इसलिए आज स्नान पर रोक लगाई गई थी। पुलिस व प्रशासनिक अमले का सहयोग मिला।

श्रद्धालुओं ने पहल को सराहा 

हालांकि सामान्य रुप से प्रतिदिन सुबह-शाम पूजन-दर्शन करने वाले श्रद्धालु पहुंचे। वहीं विभिन्न शहर-राज्यों से पैदल व वाहनों से आने वाले बड़ी संख्या में परिक्रमावासी भी पहुंचे और नियमानुसार पूजन-दर्शन का लाभ लिया। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था सिर्फ मां नर्मदा को प्रदूषण से बचाने और पवित्र घाट पर हादसे न हो, इसलिए की गई थी। मां नर्मदा के पूजन-दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं ने भी इस पहल को सराहा।