ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी
धुलेंडी के अवसर पर आस्था का प्रतिक गाड़ा खिंचाई का आयोजन बुधवार शाम शहर के नवलपुरा में हुआ। जिसे देखने बड़ी संख्या में जनसमूह उमड़ा। शहर में दो दशक से यह आयोजन हो रहा है। खंडेराव, खंडेराव, खाड़िया रे खाड़िया की धार… के जयघोष के साथ 6 से 8 टन वजनी गाड़ो को सैकड़ों मीटर तक खींचा। इस दौरान युवाओं में सेल्फी का क्रेज नजर आया। लोग अपने मोबाइल में गाड़ा खिंचाई आयोजन को कैद करते नजर आए।

सबसे पहले महिलाओं ने गाड़ो पर हल्दी के छापे लगाकर पूजन किया। इसके बाद गाड़ा खिंचने वाले राकेश यादव ने खंडेराव-खंडेराव के जयघोष के साथ गाड़ो को हाथ लगाया, जिससे वे स्वत: चलने लगे। इसके बाद जनसमूह भी जयघोष करते हुए साथ में दौड़ा।
मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन
गाड़ा खिंचाई आयोजन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़भाड़ से हादसों से बचाव के लिए पुलिस अमला मुस्तैद नजर आया। ड्रोन कैमरे से आयोजन पर नजर रखी गई। हालांकि आयोजन व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

