ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी
जिला न्यायालय सहित जिले के न्यायालय में शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन हुआ। इस दौरान नगर पालिका ने जलकर, संपत्तीकर, दुकान किराया के प्रकरण प्रस्तुत किए गए। नपा द्वारा करीब 505 प्रकरण लोक अदालत मे रखे गए। इसमें से करीब 300 प्रकरण निराकृत होकर राशि जमा की गई। इससे नपा की लाखों रुपए की वसूली हुई। वहीं उपभोक्ताओं को लोक अदालत की छूट का फायदा मिला।

जानकारी के अनुसार नगर पालिका द्वारा लोक अदालत में करीब 505 आवेदन रखे थे। इसमें से 300 लोगों ने जलकर, संपत्तिकर व दुकान किराया के प्रकरण का निराकरण कराया। जलकर के रखे गए प्रकरणों में 4.22 लाख रुपए की वसूली के विरुद्ध लोक अदालत में 3 लाख रुपए जमा हुए। इसी तरह संपत्तिकर के 6 लाख रुपए के प्रकरण के विरुद्ध 3.51 लाख रुपए तथा नपा की दुकानों के किराए के डेढ़ लाख रुपए के बकाया प्रकरणों में से लोक अदालत में निराकृत हुए प्रकरणों से 55 हजार रुपए वसूली जमा हुई। हालांकि इस दौरान दोपहर में कुछ देर ऑनलाइन पोर्टल बंद होने से समस्या आई, लेकिन कर्मचारियों ने ऑफलाइन आवेदन लेकर प्रक्रिया सुचारु रखी। प्रकरणों के निराकरण का प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही।
इधर… उपभोक्ताओं को मिली 36 लाख की राहत
वहीं नेशनल लोक अदालत में उपभोक्ता फोरम में 36 लाख की राशि के समझोते हुए। दरअसल लोक अदालत मे विभिन्न बीमा कंपनियों ने उपभोक्ताओं से समझौता कर लगभग 36 लाख रुपए की राशि 4 उपभोक्ताओं को फोरम द्वारा दिलवाई गई। फोरम अध्यक्ष मुकेश कुमार तिवारी और सदस्य साधना शर्मा के दिशा निर्देशानुसार उक्त समझौते हुए। फोरम के सहायक ग्रेड-3 प्रितेश जाजोरिया ने बताया कि निजी बीमा कंपनियों ने उपभोक्ताओं से विभिन्न प्रकरणों में समझौता कर जिला उपभोक्ता संरक्षण आयोग में राहत राशि को जमा करने को कहा।
