राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के नेतृत्व में जिलेभर की कृषि मंडियों में सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे

दैनिक ध्रुव वाणी बड़वानी। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार को जिलेभर की कृषि मंडियों में प्रदर्शन किया। बड़वानी, सेंधवा, अंजड़, खेतिया आदि जगह मंडियों में किसानों ने सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपे।

बड़वानी कृषि उपज मंडी में किसानों ने गेट के बाहर सांकेतिक धरना देकर तहसीलदार हितेंद्र भावसार को ज्ञापन सौंपा।

यह हैं प्रमुख मांगे

  1. सीसीआई खरीदी में स्लॉट बुकिंग खत्म कर टोकन व्यवस्था की जाए।
  2. नमी जांचने की मशीन हटाकर एबीसी ग्रेड से कपास खरीदा जाए।
  3. मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली दी जाए।
  4. 1 दिसंबर को को खलघाट में शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन पश्चात धामनोद में 717 निर्दाेष किसानों पर जो एफआइआर दर्ज की गई हैं, वो तत्काल रद की जाए।
  5. मक्का, ज्वार, बाजरा, मूंगफली, मूंग, उड़द जैसी फसलों की एमएसपी से खरीदी की जाए।
  6. मंडी में किसान की उपज बिकने के बाद संबंधित व्यापारी के यहां माल खाली कराने के नाम पर 200 रुपए लिए जाते हैं, जो मंडी अधिनियम 1972 एक्ट का उल्लंघन है। ऐसे मंडी सचिव के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज कर पद से हटाया जाए।
  7. एमएसपी का पालन नहीं कराने वाले मंडी सचिव को पद से हटाकर मुकदमा दर्ज किया जाए।
  8. उद्योगपतियों की तर्ज पर प्रदेशभर के किसानों की कर्ज माफी की जाए।