दोषी को दंड मिले, लेकिन निर्दाेष स्वयं को निर्दाेष सिद्ध कर सके, यह भी अवसर दिया जाए…यूजीसी के विरोध में करणी सेना व सवर्ण समाज ने निकाली रैली, ज्ञापन सौंपा

ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी

यूजीसी विनियम 2026 के विरोध में शनिवार दोपहर बाद शहर में क्षत्रिय करणी सेना और सभी सवर्ण समाज द्वारा विशाल प्रदर्शन किया। दोपहर 3 बजे खदान मोहल्ला राजपूत धर्मशाला से निकली वाहन रैली मुख्य मार्ग होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष राजसिंह चौहान ने कहा कि नए विनियमों में कई ऐसे प्रावधान हैं, जो छात्रों के हितों के विरुद्ध प्रतीत होते हैं। उन्होंने मांग की कि दोषी को कठोर दंड मिले, लेकिन निर्दोष को भी स्वयं को निर्दोष सिद्ध करने का समान अवसर मिलना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष इंदल सिंह राणा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा संस्थान समाज की जड़ हैं और वहां समानता, निष्पक्षता तथा न्याय की भावना सर्वोपरि रहनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से विनियमों की पुन: समीक्षा कर उन्हें तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की। सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अनूप जोशी ने कहा कि समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रहा है और किसी भी वर्ग के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर पुलवामा में शहीद हुए वीरों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पश्चात कलेक्टर कार्यालय में राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन तहसीलदार हितेंद्र भावसार को सौंपा। संगठनों ने शासन को चेताया कि उक्त मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आगामी समय में व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।