नर्मदा पंचकोशी यात्रा के चौथे दिन मिली भव्य श्रद्धा व सत्कार, गुरुवार को राजघाट पहुंचकर होगी सम्पन्न

✍️ ध्रुव वाणी बड़वानी 

बड़वानी के समीप रोहिणी तीर्थ नर्मदा बैकवाटर किनारे से 30 नवंबर को शुरू हुई पांच दिवसीय नर्मदा पंचकोशी पदयात्रा बुधवार को चौथे दिन धार्मिक उल्लास और सामाजिक सद्भाव के अद्भुत माहौल के साथ आगे बढ़ी।

सुबह की शुरुआत कड़माल स्थित साई मंदिर से हुई, जहां आरती के बाद यात्रा आगे बढ़ी। तीर्थयात्रियों ने मार्ग में चिखल्दा स्थित पुराने पेट्रोल पंप पर केला एवं चाय की प्रसादी ग्रहण की। इसके बाद यात्रा मेकलसूता शुगर मिल पहुंची, जहां वर्मा परिवार की ओर से भक्तों को केले की प्रसादी वितरित की गई।

इसी मार्ग से होते हुए जब तीर्थयात्री नर्मदा नगर में प्रवेश हुए, तो श्री आईजी माता मंदिर समिति, नवयुवक मंडल एवं ग्रामवासियों ने मिलकर पारंपरिक स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए जलेबी, पोहा और चाय की प्रसादी का सुंदर आयोजन किया गया, जिससे वातावरण में अपनत्व और भक्ति का भाव और प्रगाढ़ हो गया।

इसके बाद आगे बढ़ती यात्रा ने खंडवा–बड़ौदा मार्ग होते हुए सोडल बाबा मंदिर में पहुंचकर सामूहिक पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत यात्रा ग्राम मलवाड़ा पहुंची, जहां दत्त मंदिर प्रांगण में ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान मुकाती परिवार के यहां भी यात्रियों का विशेष सत्कार किया गया।

यात्रा के मलवाड़ा आगमन पर स्व. भेरूजी कुमावत की स्मृति में उनके परिवार द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी सभी परिक्रमा वासियों के लिए भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। रात्रि में दत्तात्रेय समिति द्वारा दत्त जयंती के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या व रात्रि जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

आज राजघाट किनारे पहुंचकर संपन्न होगी यात्रा

बुधवार रात्रि विश्राम के बाद यात्रा गुरुवार सुबह कसरावद पुल पार कर कसरावद बसावट, भिलट मंदिर मार्ग और बीटीआई मार्ग से आगे बढ़ते हुए राजघाट बैकवाटर क्षेत्र में पहुंचेगी, जहां यात्रा समिति द्वारा परंपरानुसार समापन किया जाएगा। इस अवसर पर दत्तात्रेय मंदिर के शुक्ला परिवार द्वारा प्रसादी वितरण और यात्रा समिति द्वारा कढ़ाई प्रसादी का विशेष आयोजन रहेगा।

यात्रा समिति के संयोजक शंकरलाल यादव, संचालक राजू चौहान, ध्वजवाहक शंकर सिंह कोचे , नरेंद्र बाबा नांद्रा, जितेंद्र यादव, नरेंद्र यादव सहित समस्त समिति सदस्यों ने दोनों जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों एवं मीडिया कर्मियों का  आभार जताया है।