ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी। प्रदेश की जीवनदायिनी मां नर्मदा का जयंती महोत्सव इस बार शहर के समीप मां नर्मदा जागीरदारपुरा नवीन घाट पर मनाया जाएगा। इस दौरान अगले माह जनवरी 2026 में चार दिवसीय आयोजन होंगे। श्रीश्री 1008 ईश्वरानंद उत्तम स्वामी महाराज के सानिध्य और श्री श्री 108 रामदास त्यागी राम बाबा के मार्गदर्शन में यह आयोजन होंगे।

आयोजन समिति के अनुसार 22 से 25 जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक पंडित अंकित शर्मा (सिनखेड़ा-खरगोन) अपने मुखारविंद से नर्मदा पुराण कथा का रसपान कराएंगे। वहीं 25 जनवरी को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक कथा होगी।
कार्यक्रम अंतर्गत 24 जनवरी को सुबह 10 बजे चुनरी यात्रा निकलेगी और कन्या भोज होगा। इसमें ईश्वरानंद महर्षि उत्तम स्वामी महाराज शामिल होंगे।
बता दें कि सरदार सरोवर बांध के चलते रोहिणी तीर्थ राजघाट जलमग्न है। बीते वर्षों में यह आयोजन बैकवाटर किनारे होता आया है। वहीं इस बार मां नर्मदा जागीरदारपुरा नवीन घाट पर पहली बार आयोजन होगा। इस बार नर्मदा जयंती महोत्सव का 35 वां वर्ष है।
मां नर्मदा को ओढ़ाएंगे विशाल चुनरी
आयोजन समिति के अनुसार 25 जनवरी को क्षेत्रीय विधायक राजन मंडलोई द्वारा मां नर्मदा को विशाल चुनरी चढ़ाई जाएगी। साथ ही मां नर्मदा का दुग्धाभिषेक कर महाआरती की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे से विशाल प्रसादी भंडारा होगा।
जबकि शाम के समय मां नर्मदा की पालकी यात्रा निकालकर महाआरती की जाएगी। देर शाम हजारों दीपकों से मां नर्मदा का तट जगमगाया जाएगा।
आयोजन समिति का हुआ गठन
नर्मदा जयंती को लेकर आयोजन समिति का गठन किया गया। इसमें अध्यक्ष कैलाश केवट (मुन्ना भाई), उपाध्यक्ष धीरज मालवीया, पवन केट, घीसालाल वर्मा, राजेंद्र दरबार, बहादुरसिंह, कनक दरबार, जितेंद्र गोले, सचिव ठाकुर देवेंद्रसिंह सोलंकी, सह सचिव पवन केवट, कोषाध्यक्ष दिनेश केवट को बनाया गया।
वहीं लोकेश मालवीया, वीरेंद्र चौहान, सुनील वर्मा, देवेंद्र वर्मा, अनिल वर्मा, पप्पू दरबार, संतोष केवट, मुकेश केवट, गणेश केवट, जामसिंंग, मंशाराम यादव को कार्यकारिणी में शामिल किया गया।