वाहन चलाते समय जरूरी दस्तावेज साथ रखे, यातायात नियमों का पालन करें, आज से 10 दिसंबर तक चलेगी जांच कार्रवाई…

✍️ ध्रुव वाणी बड़वानी

यातायात विभाग के अनुसार नियमों के पालन और जागरूकता के लिए यह जांच कार्रवाई शुरु की हैं। बुधवार से शुरू हुआ यह अभियान 10 दिसंबर तक सतत रुप से चलेगा। वाहन चालक अपने वाहन चलाते समय वाहन के दस्तावेज पूर्ण रखे। नियमों का पालन करें, अन्यथा चालानी कार्रवाई का फटका झेलना पड़ सकता है।

हालांकि, यातायात प्रभारी विनोद बघेल के अनुसार चालानी कार्रवाई का उद्देश्य दंड देना नहीं है, बल्कि आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरुक कर सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करना है।

परमिट खत्म होने के बाद दौड़ रही थी बस 

दरअसल जिला परिवहन कार्यालय और यातायात पुलिस ने बुधवार दोपहर शहर के अंजड़ रोड पर चेकिंग कार्रवाई की। इस दौरान एक यात्री बस का परमिट समाप्त होने के बावजूद संचालन होता पाया गया। मौके पर अधिकारियों ने ने बस को जब्त कर परिवहन कार्यालय में खड़ा करवाया।

राह वीर योजना की जानकारी दी 

यातायात प्रभारी विनोद सिंह बघेल और जिला परिवहन अधिकारी राकेश भूरिया सहित की मौजूदगी में तीन घंटे तक वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान यातायात उल्लंघन पर चालान वसूला, तो आम नागरिकों को शासन की राह वीर योजना और हिट एंड रन योजना के बारे में जागरूक कर पंपलेट वितरित किए।

13 हजार रुपए समन शुल्क वसूला

चेकिंग के दौरान मार्ग से गुजरने वाले वाहनों, यात्री बस, स्कूल बस, जीप-कार आदि के कागजात, बीमा, फिटनेस, परमिट, आपातकालीन द्वार और अग्निशमन यंत्र आदि की गहन जांच की। वहीं बिना हेलमेट बाइक सवार, गलत नंबर या बिना नंबर वाहन के विरूद्ध भी कार्रवाई की। इस दौरान 30 से 40 बड़े और छोटे वाहनों की जांच कर 13 हजार रुपए चालान वसूला।