छह गांवों में काटे विद्युत कनेक्शन, आंदोलन के बाद जोड़े

✍️ ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी 

जिले के खेतिया विद्युत ग्रिड क्षेत्र से जुड़े 6 गांवों में विद्युत सप्लाय बाधित करने के बाद आदिवासी उपभोक्ताओं ने खेतिया विद्युत कंपनी ग्रीड पर एकत्रित होकर अपना रोष जताया। इसके बाद कंपनी ने बिजली सप्लाई शुरु की।

जागृत आदिवासी दलित संगठन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि खेतिया क्षेत्र के ग्राम पलहानी, कडाईपानी, जालियापानी, नीलीबावड़ी, केलांबा और एकलांबा में शनिवार दोपहर बिजली काटे जाने का विरोध जारी था। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने खेतिया के कनिष्ट यंत्री के कार्यालय का घेराव कर धरने पर बैठे थे। इसके बाद रविवार को चर्चा उपरांत कंपनी ने उक्त गांवों में बिजली सप्लाई शुरु करवाया। तब ग्रामीण मौके से हटे।

उन्होंने बताया कि कानूनी नियमानुसार आदिवासी उपभोक्ताओं के लिए 30 यूनिट की खपत पर 25 रुपए का शुल्क देय होता है।, लेकिन इन गांवों के आदिवासियों से विभाग द्वारा बिना मीटर के ही बिजली बिल की वसूली का प्रयास किया गया। आदिवासियों द्वारा इस फर्जी बिल को भरने से इंकार करने पर विभाग द्वारा बिजली काटी गई थी। मीटर लगाने के बजाय विभाग द्वारा लोगों से मनमानी वसूली का तीखे विरोध भी किया।

आदिवासियों ने कहा कि सही मीटर रीडिंग के बाद ही विधिवत शुल्क भुगतान किया जाएगा। जिस पर विभाग द्वारा मीटर लगाने की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। साथ ही ग्रामीणों ने स्थाई मोटर कनेक्शन लगाने और उस पर मिलने वाली सब्सिडी को लागू करने की भी मांग की।

मामले को लेकर विद्युत कंपनी के एसएस खरते ने बताया कि खेतिया क्षेत्र के उक्त गांवों में सिंचाई हेतु कनेक्शन लिए बगैर बिजली ली जा रही थी, जिसका सप्लाय शनिवार को बंद कर दिया था। आज ग्रामीणों से चर्चा की। जिसमें उन्होंने आगामी दिनों में शुल्क जमा करने का आश्वासन दिया। जिस पर करीब 60 सिंचाई कनेक्शन सुचारु किए गए।