✍️ ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी
जिला मुख्यालय पर शनिवार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक एमजी रोड फीडर पर विद्युत मेंटेनेंस का कार्य किया गया। इस दौरान आम जनजीवन के कामकाम प्रभावित हुए।
वहीं जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में कई सेवाएं अंधेरे में समाई नजर आई, तो कोई मोबाइल टार्च की रोशनी में ड्रेसिंग कार्य हुआ।
विद्युत मेंटेनेंस के चलते जिला अस्पताल में दोनों ओपीडी में पंजीयन पर्ची हाथ से लिखकर देना पड़ी, तो सोनोग्राफी, आईसीयू, जनरल एक्सरे, सीटी स्कैन, डायलिसिस जैसी जांच चार घंटे तक थमी रही।
महिला अस्पताल ओपीडी से सोनोग्राफी के सामने तक अंधेरा पसरा नजर आया। इस दौरान अधिक भीड़भाड़ के चलते महिलाओं को असुविधा का सामना करना पड़ा। प्राइवेट वार्ड भी चार घंटे अंधेरे में रहा।
आईसीयू के बैकअप ने तोड़ा दम, अंधेरे में रहे मरीज
वही आईसीयू का बैकअप 10.30 बजे बंद होने से डेढ़ घंटे तक अंधेरे में उपचार होता नजर आया। सेंटल लेब भी बैकअप सहारे सुचारू रही, लेकिन ट्रामा सेंटर में ड्रेसिंग रूम और अन्य यूनिटों में अंधेरा पसरा नजर आया। हालांकि दोपहर 1 बजे विद्युत सेवाएं सुचारू हो गई, लेकिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक डायलिसिस, एक्सरे, सीसी स्कैन आदि जांच कराने आए मरीज कई घंटे परेशान हुए।
क्रिटिकल यूनिटें सुचारू रही
सिविल सर्जन डॉ. अनीता सिंगारे ने कहा कि जिला अस्पताल में विद्युत मेंटेनेंस के दौरान क्रिटिकल सम्बंधित सभी यूनिट सुचारू रही। इसमें आईसीयू, एसएनसीयू, पीआईसीयू, सेंट्रल लेब आदि बिजली कटौती के दौरान सुचार रही। बिजली कटौती के दौरान पूरे अस्पताल में सेवाएं सुचारू रहे, इसके प्रयास करेंगे।