बस को ओवर टेक करने में पिकअप ने बाइक सवारों को टक्कर मारी, एक बाइक सवार की मौत
✍️ ध्रुव वाणी न्यूज बड़वानी
शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार शाम अंजड़ रोड पर आरटीओ कार्यालय के पूर्व मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हुआ। बस को ओवर टेक करने में पिकअप चालक ने सामने आ रहे बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मारी। घटना में बाइक चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई, तो पीछे बैठा व्यक्ति सड़क किनारे जा गिरा। यह घटना मंगलवार शाम 6.30 बजे की बताई गई है।
सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के चलते कुछ देर मार्ग पर आवागमन बाधित हुआ। वहीं बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ग्राम सुराना निवासी नारायण वास्कले ने बताया कि वे अपने गांव के शांतिलाल बड़ोले के साथ बाइक से बड़वानी के सेगांव से गांव की ओर लौट रहे थे। तभी आरटीओ कार्यालय के पहले पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही बस को पीछे से पिकअप वाहन से ओवर टेक किया और हमारी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। घटना में वे सडक़ किनारे जा गिरे। जबकि बाइक चला रहे शांतिलाल को पिकअप ने रौंद दिया। इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पीएम रुम भेजा। वहीं पिकअप वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है।