ध्रुव वाणी बड़वानी
AB रोड खलघाट टोल प्लाजा का सोमवार सुबह से जारी धरना आंदोलन देर शाम थम गया। राष्ट्रीय मजदूर किसान महासंघ के नेतृत्व में MSP और कर्ज माफी सहित अन्यमांगों को लेकर आंदोलन दिनभर चला। वहीं देर शाम करीब 8 बजे धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, धार एसपी मयंक अवस्थी और खरगोन एसपी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की।

किसान संघ के पदाधिकारियों ने अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखीं और ज्ञापन सौंपा। इसके बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगें मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक पहुंचाई जाएंगी। इस आश्वासन के बाद किसान संघ ने धरना-प्रदर्शन स्थगित करने की घोषणा कर दी। दिनभर से AB रोड पर थमा यातायात देर रात सुचारू हुआ।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि किसानों का ज्ञापन शासन स्तर पर भेजा जाएगा। जनप्रतिनिधियों के माध्यम से दिल्ली में भी किसानों की बात रखी जाएगी और शेष मांगों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। फिलहाल आंदोलन स्थगित होने के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य कर दिया गया है।
