🔵 1540 रुपए मिला कपास का न्यूनतम भाव
🔴 व्यापारियों ने कहा- जैसी क्वालिटी, वैसा भाव

✍️ ध्रुव वाणी बड़वानी
शहर स्थित कृषि उपज मंडी में आज सुबह से कपास बेचने आए किसानों को नीलामी में घंटों इंतजार करना पड़ा। कम भाव और कम संख्या में व्यापारियों के आने पर खासा हंगामा हुआ, जो नीलामी में रोढ़ा बना। एसडीएम व भारसाधक अधिकारी के निर्देश व समझाईश के बाद दोपहर 12 बजे से नीलामी प्रक्रिया सुचारू रुप से जारी रही।

हालांकि मंडी में इस सप्ताह पूरे सीजन के दौरान कपास की बंपर आवक रही। ऐसे में अल सुबह से कपास बेचने आए किसानों को कई घंटे नीलामी का इंतजार करना पड़ा।
- बंपर आवक के बीच नीलामी की समस्या को देखते हुए एसडीएम व भारसाधक अधिकारी भूपेंद्र रावत के निर्देश पर अब कृषि मंडी में रविवार के साथ सप्ताह में कुल छह दिन कपास की नीलामी होगी। जबकि सीसीआई की खरीदी पूर्व की तरह पांच दिन चलेगी।
हालांकि नीलामी प्रक्रिया में कपास का न्यूनतम भाव सिर्फ 1540 रुपए क्विंटल मिला। इससे किसान मायूस नजर आए। वहीं व्यापारियों ने क्वालिटी अनुसार भाव दिए जाने की बात कही। सबसे पहले पोटलों में आए कपास की नीलामी हुई। उसके बाद वाहन व बैलगाड़ी के कपास की खरीदी हुई। ऐसे में सुबह 9 बजे से शुरू हुई कपास नीलामी शाम 6.30 बजे तक चलीं। जबकि किसान-व्यापारियों के बीच भुगतान की प्रक्रिया देर शाम तक चली।
- 🔵 मंडी प्रशासन के अनुसार इस रविवार कपास की आवक 480 पोटले, 50 वाहन और 20 बैलगाड़ी में कुल 1622 क्विंटल रही।
- 🔴 नीलामी में कपास का अधिकतम भाव 7000 रुपए और न्यूनतम भाव 1540 तथा मॉडल भाव 5000 रुपए प्रति क्विंटल रहा।
________________________________
अब छह दिन कपास खरीदी होगी
रविवार को मंडी में किसानों की भीड़ और नीलामी में देरी के मद्देनजर भारसाधक अधिकारी भूपेंद्र रावत के निर्देश पर अब कृषि उपज मंडी में रविवार के साथ सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन किसानों द्वारा पोटले, वाहन, बैलगाड़ी आदि से लाए गए कपास की नीलामी होगी।
सीसीआई की खरीदी पांच दिन
वहीं सीसीआई द्वारा सोमवार से शुक्रवार तक वाहन और बैलगाड़ी के माध्यम से कपास की खरीदी चालू रहेगी। इस दौरान शनिवार और रविवार को सीसीआई खरीदी का अवकाश रहेगा। सीसीआई में कपास बेचने के लिए किसानों को किसान एप पर अपना पंजीयन व स्लाट बुक कर सकेंगे।
________________________________
